इंदौर में संक्रमितों का आंकड़ा 878 तक पहुंचा, दिल्ली भेजे गए 1142 सैंपल में से 383 मिले संक्रमित

इंदौर. कोरोना संक्रमण से पॉजिटिव मरीजों की संख्या में शुक्रवार को और इजाफा हुआ। दिल्ली से आई रिपोर्ट में 36 और मरीजों में कोरोना की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा 878 हो गया है, जबकि 47 लोगों की मौत हो चुकी है। दिल्ली भेजे गए 1142 सैंपल में से कुल 383 लोगों में संक्रमण पाया गया है। इस हिसाब से करीब 33 फीसदी लोगों की रिपोर्ट दिल्ली से पॉजिटिव आई है। वहीं, 759 लोगों निगेटिव पाए गए हैं। इसके अलावा अब तक इंदौर के 40 और खरगोन के तीन मिलाकर कुछ 43 लोग ठीक हो चुके हैं। 


शहर में लगातार बढ़ते आंकड़ों पर कलेक्टर मनीष सिंह ने कहा कि जनवरी-फरवरी में विदेशों से पांच -छह हजार यात्री इंदौर आए, इनके कारण ही मुख्य तौर पर कोरोना फैला है। क्योंकि विदेश के अलावा इसका कहीं कोई सोर्स नहीं था। कलेक्टर ने कहा कि उस समय यदि एयरपोर्ट पर यात्रियों की अच्छी स्क्रीनिंग हो जाती और उन्हें क्वारैंटाइन किया जाता तो यह हालत नहीं होती। उन्होंने बताया कि दिल्ली भेजे गए सैंपल में जो आंकड़े सामने आए हैं, उसकी हमें पहले से ही उम्मीद थी। इसका कारण यह है ये लोग पहले से संक्रमित व्यक्ति के सीधे संपर्क में थे। इन्हें चिह्नित कर पहले ही क्वारैंटाइन हाउस भेज दिया गया था।


गुरुवार को मिले थे सबसे ज्यादा 244 मरीज


गुरुवार को अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा सामने आया था। दिल्ली और एमजीएम मेडिकल कॉलेज के सैंपल की रिपोर्ट में 244 नए मरीज मिले। इसके साथ ही शहर में संक्रमित मरीजों की संख्या 842 पर पहुंच गई थी। वहीं, 8 लोगों की मृत्यु की पुष्टि की गई। इसमें सराफा बाजार के दो व्यापारी भाई शामिल हैं। इससे भी चौंकाने वाली बात ये है कि हफ्तेभर में सराफा में 5 व्यापारियों की मृत्यु हो चुकी है। बाकी तीन व्यापारियों की रिपोर्ट बाकी है।